देहरादून। आज कांग्रेस ने ब्लॉक प्रमुख पदों पर आठ और प्रत्याशी घोषित किए। अब क्षेत्र पंचायत में कांग्रेस के कुल समर्थित प्रत्याशियों की संख्या 26 हो गई है। जिला पंचायत में कांग्रेस की गाड़ी पांच जिपं अध्यक्ष प्रत्याशियों से आगे नहीं बढ़ पाई। अब कांग्रेस की निगाह नामांकन करा चुके निर्दलीय प्रत्याशियों पर है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक पार्टी कुछ और नाम अभी जारी करेगी। कई प्रत्याशी ऐसे हैं जो पार्टी का समर्थन कर रहे हैं और उन्हें नामांकन कराने के लिए कहा जा चुका है। जिला पंचायत में कांग्रेस अभी तक पांच जिलों में ही अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की हैं, हालांकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने किसी भी जिले में भाजपा को वॉकओवर न देने का दावा किया था। इतना होने पर भी पार्टी 12 जिलों में से केवल पांच में ही समर्थित प्रत्याशी खोज पाई। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक कांग्रेस अन्य जिलों में भी नामांकन कराने वालों से संपर्क बनाए हुए हैं। कुछ जिलों में कांग्रेस के एक के अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से किसी एक को समर्थन देने पर विचार किया जा रहा है। दूसरी ओर क्षेत्र पंचायत में भी कांग्रेस मजबूती से भाजपा का सामना करती हुई नहीं दिख रही है। कांग्रेस ने अभी तक 18 ब्लॉक प्रमुख घोषित किए थे। शनिवार को आठ नाम और जारी किए गए। कुल मिलाकर पार्टी 89 पदों के सापेक्ष केवल 26 पदों पर ही समर्थित प्रत्याशी घोषित किए हैं। यहां भी पार्टी नेताओं का कहना है कि वे अन्य कई दावेदारों से संपर्क बनाए हुए हैं। साफ है कि भाजपा को हर सीट पर कड़ी टक्कर देने का पार्टी का दावा मतदान से पहले ही धड़ाम होता नजर आ रहा है।
विकासखंड - समर्थित प्रत्याशी
धौलादेवी - दीपा देवी भट्ट
लमगढ़ा - विनीत वोरा
भंसियाछाना - खुशबू पांडे
द्वाराहाट - दीपक किरोला
सल्ट - विक्रम रावत
स्याल्दे - करिश्मा देवी
भिकियासैंण - चित्रा
खटीमा - रंजीत सिंह नामधारी
कांग्रेस ने आठ और प्रमुख पदों पर घोषित किए प्रत्याशी